रायबरेली पुलिस ने बैंककर्मी की हत्या का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
रायबरेली जनपद के मिल एरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मलिक मऊ में 12 जनवरी को बैंक अधिकारी के हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से पुलिस ने आला कत्ल अवैध शस्त्र मोटरसाइकिल और मृतक का पासपोर्ट साइज फोटो भी बरामद किया है।
गिरफ्तार अभियुक्त आकाश सिंह उर्फ सनी उन्नाव जनपद के बिहार थाना क्षेत्र अंतर्गत बरखेड़ा गांव का रहने वाला है। जबकि इस हत्याकांड में सलोन थाना क्षेत्र के दर्सवां गांव निवासी दयाराम पासी ने भी भूमिका निभाई थी। इन दोनों अभियुक्तों का पुराना अपराधिक इतिहास है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में इन पर कई अपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार इन लोगों ने रायबरेली शहर के सम्राट नगर निवासी नगीना सिंह के कहने पर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया था।
नगीना सिंह अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। जिसने मृतक जय प्रकाश पाल से लखनऊ में प्लाट दिलाने के लिए पैसे ले रखे थे। उसी प्लाट की रजिस्ट्री का दबाव बनाने पर नगीना सिंह ने सुपारी देकर जयप्रकाश पाल की हत्या करवाई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दयाराम पासी और आकाश सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। बाकी नगीना सिंह की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।